गंडई-पंडरिया क्षेत्र में एक वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना गंडई थाना क्षेत्र के धमधा-दुर्ग रोड, वार्ड क्रमांक 15 में जैन दाल मिल के पास स्थित एक खेत की है, जहां स्थानीय लोगों ने एक महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक चेतन नेताम के अनुसार, 1 मई को दोपहर करीब 2:30 बजे अज्ञात महिला का शव मिलने की जानकारी मिली थी। प्रारंभिक जांच और पहचान के प्रयासों के बाद मृत महिला की पहचान दुलारी बाई नेताम (उम्र लगभग 62 वर्ष) निवासी लावातरा (सुकतरा) के रूप में हुई। उनकी पहचान उनकी भतीजी, टिकरीपारा वार्ड 13 निवासी बेलसिया छेदैया ने की।
परिजनों के अनुसार, दुलारी बाई 28 अप्रैल से घर से लापता थीं। आशंका जताई जा रही है कि उनका शव करीब दो दिनों से खेत में पड़ा था, जिसके कारण वह सड़ने लगा था। स्थिति को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतका के बारे में जानकारी मिली है कि उनके पति गंगूराम नेताम का निधन कोरोना काल में हो चुका था और उनके कोई संतान नहीं थी। पिछले 10 से 15 वर्षों से उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुलारी बाई को अक्सर सड़कों के किनारे सफाई करते देखा जाता था। वह थाना के पास स्थित एक होटल में नियमित रूप से चाय-नाश्ता करने आती थीं। होटल संचालक हेमंत यादव ने बताया कि वह पिछले 3-4 दिनों से वहां नहीं दिखी थीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


