खैरागढ़/साल्हेवारा –Road Accident साल्हेवारा थाना क्षेत्र के ग्राम नचनिया में मंगलवार, 5 अगस्त की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय छात्र मयंक धुर्वे की जान चली गई। मयंक शासकीय प्राथमिक शाला नचनिया में कक्षा एक का छात्र था। हादसा उस समय हुआ जब वह स्कूल में मध्याह्न भोजन करने के बाद अपने घर छाता लेने गया था और लौटते वक्त तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल लौटते समय मयंक सड़क पार कर रहा था, तभी तेज गति से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मयंक को सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन बच्चे को मोटरसाइकिल से लेकर तत्काल साल्हेवारा के शासकीय अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया।



