राजनांदगांव। जिला साहू संघ राजनांदगांव के आगामी निर्वाचन को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार कमलकिशोर साहू ने अपनी पूरी टीम के साथ सभी पांच प्रमुख पदों पर "मां भानेश्वरी (कमलकिशोर) पैनल" के प्रत्याशियों की घोषणा कर चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है।
पैनल के अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए स्वयं कमलकिशोर साहू (राजनांदगांव), उपाध्यक्ष पद के लिए देवेन्द्र साहू (आमगांव कुमर्दा), महिला उपाध्यक्ष पद के लिए श्रीमती जमुना साहू (राजनांदगांव), संगठन सचिव पद के लिए लविंद्र साव (अर्जुनी, डोंगरगांव) तथा महिला संगठन सचिव पद के लिए श्रीमती प्रमिला साहू (डोंगरगढ़) को प्रत्याशी बनाया गया है।
इस अवसर पर जिले की विभिन्न तहसीलों से बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, समाज प्रमुख एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कमलकिशोर साहू ने अपने पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि कोरोना काल जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद समाजहित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में छह दुकानों वाले व्यवसायिक परिसर का निर्माण, एम्बुलेंस सेवा की व्यवस्था, समाज के लिए स्वयं का साउंड सिस्टम, बर्तन एवं गैस सिलेंडर की उपलब्धता, मैदान समतलीकरण, पेयजल सुविधा हेतु बोरखनन, जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग, भू-भाटक जमा, भवन के ऊपरी हाल एवं एयरकंडीशन कक्ष का निर्माण तथा शौचालय निर्माण जैसे अनेक विकास कार्य संपन्न कराए गए।
उन्होंने बताया कि "समाज आपके द्वार" अभियान के माध्यम से समाज के निचले स्तर तक पहुंचकर सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया, जिसे समाज से व्यापक समर्थन और सराहना मिली।
कमलकिशोर साहू ने कहा कि आने वाले समय में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के लोग परिवर्तन और विकास की सोच के साथ एक बार फिर उनके नेतृत्व वाले मां भानेश्वरी पैनल को समर्थन देंगे।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि साहू समाज को और अधिक संगठित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। समाज के हित में निरंतर कार्य करते हुए नई पीढ़ी को भी संगठन से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


