खैरागढ़। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजार अतरिया में शनिवार, 22 अगस्त को शाला प्रांगण में एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वाणिज्य संकाय की व्याख्याता श्रीमती मंजू ठाकुर लहरे को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सुबह 9 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान सहकर्मी शिक्षकों ने मंजू ठाकुर लहरे के सरल स्वभाव, व्यवहार और कार्यशैली को याद करते हुए उनके साथ बिताए सेवाकाल के अनुभव साझा किए। सभी ने एक स्वर में कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का सदैव पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन किया तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में अहम भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्राचार्य श्री आर. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमती ठाकुर लहरे का व्यक्तित्व अत्यंत सरल और मृदुभाषी रहा है और वे अपने कर्तव्यों के प्रति हमेशा सजग रहीं। करीब 15 वर्षों तक संस्था को अपनी सेवाएं देने वाली मंजू ठाकुर लहरे का विद्यालय परिवार से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। प्राचार्य ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे नई संस्था में भी इसी लगन और समर्पण के साथ काम करती रहेंगी।
इस मौके पर अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त कर उनके कार्यकाल को याद किया। समारोह के समापन पर शाला परिवार एवं विद्यार्थियों की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके सुखद व सफल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन जे. सैनी स्वाइ ने किया। इस विदाई समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह जानकारी संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता डी.के. सिन्हा ने दी।



