रायपुर। छत्तीसगढ़ साहू समाज के प्रतिनिधि मंडल ने आज विधानसभा कार्यालय में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2026-27 के बजट में राजिम भक्तिन माता की भव्य कांस्य प्रतिमा निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया तथा समाज की भावनाओं से अवगत कराया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि राजिम में भक्तिन माता की भव्य प्रतिमा स्थापित होने से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर आगामी राज्यसभा निर्वाचन के संदर्भ में भी चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए साहू समाज से योग्य एवं प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवार को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाए जाने की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान समाज के वरिष्ठ विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित छत्तीसगढ़ साहू संघ के प्रदेश पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने कहा कि समाज सरकार के इस निर्णय से उत्साहित है और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा रखता है।


