खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला में यातायात नियमों की अनदेखी लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है। सड़क हादसों में बढ़ती मौतों और लापरवाही के बीच जिला यातायात पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन लोगों पर इसका असर कम दिखाई दे रहा है।
महज 22 दिनों के भीतर यातायात विभाग ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹2,74,300 का समन शुल्क और अर्थदंड वसूला है। आंकड़े साफ बताते हैं कि जिले में लोग अब भी बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने जैसी गंभीर लापरवाहियां कर रहे हैं।
368 प्रकरण दर्ज, सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना नंबर प्लेट वालों पर
यातायात पुलिस द्वारा मई माह में अब तक कुल 368 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें —
बिना नंबर प्लेट : 115 मामले
अन्य धाराएं : 122 मामले
तीन सवारी : 69 मामले
प्रेशर हॉर्न : 30 मामले
बिना हेलमेट : 15 मामले
शराब पीकर वाहन चलाना : 12 मामले
मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना : 05 मामले
लगातार चल रहा जागरूकता अभियान
जिला पुलिस टीम द्वारा चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने समझाइश दी जा रही है। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, तीन सवारी से बचने और जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने की सलाह दी जा रही है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं प्रकरण निराकरण के बाद उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को भेजा जा रहा है। मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वालों पर भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई जारी है।
सवाल अब भी कायम
इतनी सख्ती और जागरूकता के बावजूद आखिर लोग यातायात नियमों को गंभीरता से क्यों नहीं ले रहे?
क्या केवल चालान भरने तक ही सीमित रह जाएगा डर, या लोग अपनी और दूसरों की जिंदगी की कीमत समझेंगे?
DNnews — “खबर वही, जो लगे सही”


