खैरागढ़।खैरागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम लिमतरा में पूर्व सरपंच चन्द्रकमल बंजारे ने पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व सरपंच का कहना है कि उनके कार्यकाल का पिछले तीन माह का मानदेय एवं 15वें वित्त आयोग की राशि उन्हें अब तक नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि सरपंच रहते हुए प्रति माह 4 हजार रुपये के मान से तीन माह का कुल 12 हजार रुपये मानदेय लंबित है। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग की एक राशि 25 हजार रुपये तथा पूर्व की 15वें वित्त की 1 लाख 95 हजार रुपये की राशि दीपावली से पहले आहरित की जा चुकी है।
चन्द्रकमल बंजारे का आरोप है कि उक्त समस्त राशि पंचायत सचिव गिरधर मेरावी द्वारा निकाल ली गई, लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही और मनमानी करार दिया है। पूर्व सरपंच ने कहा कि वर्तमान समय में आर्थिक स्थिति पहले से ही कठिन है और ऐसे में अपने हक की राशि न मिलना बेहद परेशान करने वाला है।


