खैरागढ़।छुईखदान थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को युवराज यादव नामक युवक बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस टीम गठित कर आरोपी और पीड़िता की तलाश तेज कर दी गई।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पीड़िता को लेकर हैदराबाद भाग गया है और वहीं छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची और तलाश के बाद पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे नाबालिग जानते हुए प्रेमजाल में फंसाया, शादी का झांसा दिया और अपहरण कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घटना के दिन भी आरोपी द्वारा जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान धारा 64(2)(ड), 96 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी। आरोपी युवराज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम झुरानाडी, थाना छुईखदान को 7 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


