खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुढ़ानभाट में हुई आगजनी की घटना ने एक गरीब परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार 6 मई की शाम कमलेश चंदेल के घर में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, जरूरी दस्तावेज और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।पीड़ित परिवार ने ग्राम पंचायत के कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा किया है, घटना घटित होने के बाद भी सरपंच झाँकने तक नहीं आया
घटना के बाद पीड़ित परिवार बेघर हो गया है और फिलहाल गांव के सार्वजनिक मंच में आश्रय लेकर रह रहा है। परिवार में छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिन्हें भोजन और जरूरी सुविधाओं की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर थी और अब आगजनी के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि घटना के कई दिन बाद भी प्रशासन की ओर से पर्याप्त सहायता नहीं पहुंच पाई है। लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
इस घटना के बाद छुईखदान क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड की मांग भी तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दमकल सुविधा नहीं होने से आग लगने की घटनाओं में समय पर मदद नहीं मिल पाती। आग बुझाने के लिए वाहन दूर से पहुंचता है, तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द सहायता दी जाए तथा छुईखदान विकासखंड मुख्यालय में स्थायी फायर ब्रिगेड केंद्र की स्थापना की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।


