छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कांकेर और नारायणपुर की सीमा पर शनिवार को एक IED ब्लास्ट में पुलिस बल के 4 जवान शहीद हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब सुरक्षा बल जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान विस्फोटक निष्क्रिय करने की कार्रवाई कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सुबह कोरोसकोड़ा इलाके के जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के तहत निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए IED को डिफ्यूज करते समय अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तीव्र था कि जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस घटना में तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को तत्काल बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
शहीद होने वाले जवानों में DRG के इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, आरक्षक कृष्णा कोमरा, आरक्षक संजय गढ़पाले और आरक्षक परमानंद कोर्राम शामिल हैं।
बस्तर रेंज के आईजी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह ऑपरेशन पूर्व में आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर चलाया जा रहा था। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में IED बरामद करने और उन्हें निष्क्रिय करने का अभियान लगातार जारी है। यह हादसा उसी अभियान के दौरान हुआ एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।


