खैरागढ़। जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्वनाथ वर्मा, निवासी घूमर्रा, चौकी जालबांधा के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 1 बजे बिजेतला मोड़ के पास चंद्रेश वर्मा के हार्डवेयर गोदाम के सामने हुई। बताया जा रहा है कि विश्वनाथ वर्मा ई-रिक्शा में लोहे के पाइप लोड कर रहे थे। इसी दौरान एक लंबा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आ गया। बिजली के तार से संपर्क होते ही पाइप में करंट प्रवाहित हो गया और विश्वनाथ वर्मा उसकी चपेट में आ गए।
अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल अवस्था में विश्वनाथ वर्मा को जालबांधा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की आवश्यक जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं इस घटना ने विद्युत तारों के नीचे भारी एवं लंबे लोहे के सामान के परिवहन और लोडिंग के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।



