खैरागढ़। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न कृषि केंद्रों और खाद विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम सिंघौरी में अवैध रूप से उर्वरक भंडारण का मामला सामने आया। जांच में मोतीपाल के घर स्थित गोदाम में बड़ी मात्रा में सफेद प्लास्टिक बोरियों में उर्वरक रखा मिला। खास बात यह रही कि इन बोरियों पर किसी भी प्रकार का नाम, कंपनी, बैच नंबर या अन्य जरूरी विवरण अंकित नहीं था, जिससे उर्वरक की गुणवत्ता और वैधता पर संदेह पैदा हो गया।
कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध उर्वरक का नमूना लिया और गोदाम को तत्काल सीलबंद कर जब्ती की कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों के अनुसार गोदाम में लगभग 600 सफेद प्लास्टिक बोरियों में अवैध रूप से उर्वरक भंडारित किया गया था।
सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उर्वरक नियंत्रण आदेश के स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया है। विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित दुकानों से ही खाद एवं बीज खरीदें और किसी भी संदिग्ध सामग्री की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि किसानों को गुणवत्ताहीन सामग्री से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।


