खैरागढ़/ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं क्षमता निर्माण के अंतर्गत खैरागढ़ स्थित शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 10 दिवसीय सौर ऊर्जा उद्यमिता एवं कौशल विकास (ESDP) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (NIESBUD) तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE), भारत सरकार के तत्वाधान में आयोजित किया गया था.
इस 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण में बिहान स्व-सहायता समूह की दीदियों, पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों तथा स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों सहित कुल 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया.
सौर ऊर्जा के क्षेत्र में स्वरोजगार और उद्यमिता पर जोर
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बिहान कैडर को आगे बढ़ाना, युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाना तथा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नए उद्यमियों (Solar Entrepreneurs) को तैयार करना था. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सोलर पैनल की स्थापना, रखरखाव, एंटरप्राइज डेवलपमेंट (उद्यम विकास) तथा वेंडर प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई. प्रशिक्षण प्राप्त कर बिहान की कई दीदियाँ अब सोलर वेंडर के रूप में अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए पूरी तरह सक्षम हो चुकी हैं.
सामाजिक कार्यकर्ता विप्लव साहू ने दी विशेष कोचिंग
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं एक्टिविस्ट विप्लव साहू द्वारा प्रतिभागियों के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं कोचिंग सत्र का आयोजन किया गया. उन्होंने प्रतिभागियों को सौर ऊर्जा के महत्व, सामाजिक बदलाव में हरित ऊर्जा की भूमिका तथा स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया.
परीक्षा के बाद बांटे गए प्रमाण पत्र
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस सभी प्रतिभागियों का मूल्यांकन परीक्षा ली गई, जिसमें सभी का परिणाम अति उत्तम रहा. सफल प्रतिभागियों को 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में निमोरा रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर, खैरागढ़ से नीलू साहू, छुईखदान से चांदनी साहू, NRLM राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की टीम, सपोर्ट स्टाफ राहुल डांगले, जीतू राजपूत, अनिल तथा NRLM के BPM दीनानाथ लिलाहरे एवं AC लीला साहू का विशेष योगदान व सहयोग रहा.
अंत में बिहान समूह की दीदियों एवं प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रशिक्षण आयोजन के लिए NIESBUD एवं सभी ट्रेनर्स का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के तकनीकी व व्यावसायिक प्रशिक्षण आयोजित करने का आग्रह किया.



