खैरागढ़। थाना खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम बोरी में सूने मकान को निशाना बनाकर 35 हजार रुपये की चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
### रिश्तेदार के कार्यक्रम में गए थे गृहस्वामी
प्रार्थी मानदाता लोधी (60 वर्ष), निवासी ग्राम बोरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे 16 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक अपने रिश्तेदार के मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गए थे।
24 जनवरी को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर रखे संदूक को भी तोड़ दिया गया था और उसमें रखे लगभग 35,000 रुपये के मशरूका अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए थे।
### बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
### तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग
अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बीरसिंह वर्मा (30 वर्ष), निवासी धम्मादीप नगर, ईटाभट्ठा चौक, नागपुर, थाना यशोदा नगर (महाराष्ट्र) बताया।
आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर योजना बनाकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
### न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है।


