खैरागढ़। जिले में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंडई पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब और एक मोटरसाइकिल जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि विकेश टंडन और पुरुषोत्तम टंडन अवैध बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर गंडई स्थित शराब भट्ठी रोड, नहर नाली एवं शवगृह के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AH 8802 पर सवार विकेश टंडन को पकड़ा। उसके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 29 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब बरामद की गई। वहीं, मौके पर पैदल आ रहे पुरुषोत्तम टंडन के पास से एक थैले में 29 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब जब्त की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से शराब के परिवहन एवं कब्जे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 58 पौवा देशी मसाला रोमियो शराब (10.440 बल्क लीटर), जिसकी अनुमानित कीमत 5,800 रुपये है, तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जप्त कर लिया।
गंडई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 189/26 एवं 190/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब, नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


