खैरागढ़। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए केसीजी पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस चौकी जालबाँधा ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में गाली-गलौज कर लोगों से मारपीट करने पर आमादा एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे पुलिस चौकी जालबाँधा को सूचना मिली कि ग्राम करमतरा स्थित प्रभुदास साहू के ईंट-भट्ठे के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में राहगीरों और आसपास के लोगों से गाली-गलौज कर रहा है तथा मारपीट करने पर उतारू है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश सिंह (41 वर्ष), पिता अजीत सिंह, निवासी प्रगति नगर, रिसाली, भिलाई बताया। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा थी। पुलिस ने पहले आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और लगातार हंगामा करता रहा, जिससे शांति भंग होने की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 42/264/2026 के तहत धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। बाद में उसे कार्यपालिक दंडाधिकारी, खैरागढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
केसीजी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में उत्पात मचाता है, गाली-गलौज करता है या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



