खैरागढ़। कलेक्टरेट सभा कक्ष में जिला स्तरीय आरसेटी सलाहकार समिति (DLRAC) का गठन एवं बैठक कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कौशल विकास, स्वरोजगार संवर्धन तथा प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार एवं बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड हर्ष देशमुख, भारतीय रिजर्व बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर क्षितिज वर्मा, जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन विहान उमेश कुमार तिवारी, कृषि एवं रिसर्च स्टेशन छुईखदान के डीन डॉ. ए.के. सिंह, वैज्ञानिक डॉ. बी.एस. असाटी तथा महाविद्यालय खैरागढ़ के सहायक प्राध्यापक यशपाल जंघेल सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के संयोजक जिला अग्रणी प्रबंधक एवं प्रभारी निदेशक आरसेटी खैरागढ़ चतुर सिंह ठाकुर थे। वहीं आरसेटी फैकल्टी ओम जी मिश्रा एवं अभिषेक तिवारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आरसेटी खैरागढ़ द्वारा संचालित कौशल विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, बैंक ऋण उपलब्ध कराने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से रोजगार के अवसरों का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा, युवाओं की रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने के उपाय तथा स्वरोजगार आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने संबंधी सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर आरसेटी खैरागढ़ द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं अब तक की उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। समिति के सदस्यों ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



