राजनांदगांव: एसपी अंकिता शर्मा की सख्ती, लंबित मामलों पर कसावट – लापरवाहों पर कार्रवाई के निर्देश
राजनांदगांव जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। आज आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी 18 थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित राजपत्रित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में NATGRID के प्रभावी उपयोग, बाहरी टीमों की तैनाती और गंभीर मामलों में रणनीतिक कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया। वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों की थाना-वार समीक्षा करते हुए शिकायतों, एफआईआर, फाइनल रिपोर्ट, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और लंबित मामलों की विस्तृत पड़ताल की गई।
एसपी ने धारा 173(8) CrPC के तहत लंबित चालानों, मर्ग प्रकरणों और न्यायालयीन समय-सीमा में चार्जशीट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विवेचना का मुख्य उद्देश्य अपराधियों को सजा दिलाना होना चाहिए। जिन थानों में कार्य में लापरवाही पाई गई, वहां स्पष्टीकरण और जांच के आदेश दिए गए।
बीट सिस्टम को मजबूत करने, सूचना तंत्र को सक्रिय करने और “ऑपरेशन तलाश” के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की खोज के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई। साथ ही, सूखे नशे, जुआ-सट्टा, अवैध शराब और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रात्रि गश्त, औचक चेकिंग और किशोर जांच अभियान को तेज करने के निर्देश देते हुए पुलिस की छवि सुधारने हेतु त्वरित कार्रवाई और शालीन व्यवहार पर भी जोर दिया गया। डोंगरगढ़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस बैंड को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


