khairagarh, खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत दैहान स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में मंगलवार को आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि किरण वैष्णव थीं। कार्यक्रम में वक्ता मान बाई, स्थानीय जनपद सदस्य मंजू जयप्रकाश जंघेल, ग्राम पंचायत के उपसरपंच एवं पंच, स्वास्थ्य विभाग की सीएचओ रिंकी वर्मा, प्राथमिक शाला की शिक्षिका, बिहान समूह की महिलाएं, पर्यवेक्षक सरोजनी मिंज सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा अभियान के तहत मुनगा का पौधा लगाया गया। ग्रामीणों को मुनगा के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देते हुए घरों में पौधे लगाने और पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही पोषण कलश और पौष्टिक थाली के माध्यम से संतुलित आहार के महत्व को बताया गया।
आंगनवाड़ी केंद्र में दर्ज बालक दुर्वेश जंघेल का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दुर्वेश के पिता नंदकिशोर जंघेल एवं परिवार की ओर से बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए खिलौना बैंक में खेल सामग्री भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और ग्रामीणों की सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए सामुदायिक सहयोग का संदेश दिया गया।


