खैरागढ़। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केसीजी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना छुईखदान पुलिस ने पारिवारिक विवाद और क्षेत्र में अशांति फैलाने के मामले में एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 जून 2026 को ग्राम बुढ़ानभाठ निवासी चमन चंदेल (32 वर्ष) के विरुद्ध शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी पत्नी एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लगातार वाद-विवाद कर लड़ाई-झगड़ा करता है, जिससे परिवार एवं आसपास के क्षेत्र में अशांति का माहौल बन रहा था।
शिकायत की जांच एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना छुईखदान पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 36/63/2026 के तहत धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


