अम्बागढ़ चौकी/मोहला,मोहला बस स्टैंड में हुए मारपीट के एक मामले ने गुरुवार को उग्र रूप ले लिया, जब घायल बस ड्राइवर की उपचार के दौरान मौत हो जाने से आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच दिन पहले रात के समय मोहला बस स्टैंड में बस ड्राइवर कमलेश भुआर्य का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल कमलेश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे राजनांदगांव रेफर किया गया था।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसकी खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।


