खैरागढ़। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी के प्रवक्ता देवकांत यदु ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार वैश्विक संकट को बहाना बनाकर आम जनता पर महंगाई का बोझ डालना बंद करे।
देवकांत यदु ने कहा कि महज दस दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल के दामों में सात से आठ रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल की कीमत बढ़ने से परिवहन खर्च बढ़ेगा, जिससे रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाएंगे और महंगाई और अधिक बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की बात करती है, तो केंद्र सरकार को राज्य सरकार को वैट और सेल टैक्स कम करने के निर्देश देने चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। सरकार को जल्द ठोस कदम उठाकर जनता को राहत देनी चाहिए।


