कवर्धा जिले के पंडरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम मोहगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 40 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सहारा बन रही है। यह योजना बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके बेहतर भविष्य के लिए सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसी पहल सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करती है। गरीब परिवारों के लिए बेटियों का विवाह कई बार आर्थिक चुनौती बन जाता है, ऐसे में यह योजना परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह की सुविधा उपलब्ध कराती है।
विधायक ने नवदंपत्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कारों का मिलन होता है। उन्होंने सभी जोड़ों के सुखद, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, जनपद अध्यक्ष नंदनी साहू, जनपद उपाध्यक्ष छत्र किशोर तिवारी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप गोस्वामी, बालमुकुंद चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


