रायपुर।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा 7 मार्च 2026 को रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में “लखपति दीदी संवाद–2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे तथा अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री (गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास) विजय शर्मा ने की।
इस अवसर पर प्रदेशभर से आई लखपति दीदियों से संवाद करते हुए उनकी प्रेरक सफलता की कहानियां साझा की गईं और महिलाओं की आत्मनिर्भरता की यात्रा को सम्मानित किया गया।
केसीजी जिले की उपलब्धियां भी रहीं खास:
👉 छुईखदान ब्लॉक: सेवती साहू ने 136 सदस्यों को संभावित लखपति दीदी के रूप में चयनित किया। वे पिछले दो वर्षों से मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्यरत हैं और विकासखंड छुईखदान के सभी लखपति सीआरपी को प्रशिक्षण दे रही हैं। उन्होंने डिजिटल आजीविका रजिस्टर पोर्टल में एंट्री का कार्य भी किया। 8 महिला किसानों को बैंक व ग्राम संगठन से ऋण दिलाया, 109 लखपति दीदियों की कार्ययोजना बनाई तथा अब तक 92 लखपति दीदी तैयार कर चुकी हैं।
👉 खैरागढ़ ब्लॉक: स्वरनुपज महिला किसान उत्पादक कम्पनी (एफपीओ) द्वारा 3 जिलों के 5 विकासखंडों के 450 गांवों में कार्य किया जा रहा है। 15,825 महिला किसानों को शेयरधारक के रूप में जोड़ा गया है और 70 कृषि उत्पाद खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। चना, सोयाबीन, मूंग और अरहर की बाजार मूल्य पर खरीदी कर 3 दिनों के भीतर भुगतान किया जाता है। ग्राम सुकुलदैहान (राजनांदगांव) में चना से दाल और बेसन बनाने का प्लांट स्थापित है। एफपीओ का कुल टर्नओवर अब तक 16 करोड़ रुपये रहा है।
👉 खैरागढ़ ब्लॉक: एक्टिव महिला प्रतिमा वर्मा ने 5 पिछड़े गांवों में 12 स्व-सहायता समूह बनाकर 120 महिलाओं को जोड़ा। समूहों को पुस्तक संधारण का प्रशिक्षण दिया गया, 15 समूहों को चक्रिय निधि व 14 समूहों को सामुदायिक निवेश कोष दिलाया गया। साथ ही नियमित साप्ताहिक बैठकों के संचालन में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सराहा गया।


