थाना घुमका क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 16 अप्रैल 2026 को प्रार्थिया ने लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि 12 अप्रैल 2026 को वह इलाज कराने राजनांदगांव गई थी और इसके बाद अपने रिश्तेदार के यहां रुक गई। 15 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे जब वह घर वापस लौटी, तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था।
घर के अंदर रखे इंडियन कंपनी का गैस सिलेंडर, की-पैड मोबाइल, एक बोरी चावल एवं नगदी रकम अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना घुमका में अपराध क्रमांक 42/2026, धारा 305(a), 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद घुमका पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदेही तक पहुंच बनाई। पूछताछ में सुरेश मारकंडे, निवासी छोटे बिरेझर ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि इस घटना में दिलेश्वर चतुर्वेदी, निवासी ग्राम गाड़ाडीह थाना बोरी, जिला दुर्ग ने भी सहयोग किया था।
पुलिस ने दिलेश्वर चतुर्वेदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने भी चोरी में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक गैस सिलेंडर, एक बोरी चावल, की-पैड मोबाइल एवं नगदी ₹22,000 बरामद किए हैं।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय राजनांदगांव में रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया है।


