खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत मुतेड़ा में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गांव के लोगों का आरोप है कि सरपंच और सचिव की लापरवाही के चलते पेयजल और सफाई जैसी मूलभूत समस्याएं लगातार बनी हुई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत द्वारा नियमित रूप से टैक्स वसूला जाता है, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता। जब ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर सरपंच के पास जाते हैं, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। आरोप है कि कई बार सरपंच द्वारा “जहां शिकायत करना है कर दो” जैसे बयान दिए गए, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब गांव की नालियों में कचरा भर जाने से बदबू फैलने लगी और बीमारियों का खतरा बढ़ गया। लंबे समय तक कोई कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए सफाई का जिम्मा उठाया। गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से नालियों की सफाई की और जमा कचरे को ट्रैक्टर में भरकर सुरक्षित स्थान पर फेंका।
वीडियो देखें
https://www.instagram.com/reel/DW3zonAgtAI/?igsh=N254cXA3YTAzbXp1
इस पहल को ग्रामीणों ने मजबूरी में उठाया गया कदम बताया। उनका कहना है कि यदि समय रहते पंचायत द्वारा ध्यान दिया जाता, तो उन्हें खुद यह काम नहीं करना पड़ता। यह मामला स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।


