छुईखदान। क्षेत्र की प्रतिष्ठित शक्ति डिफेंस अकादमी ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम बघमरा निवासी हिरेंद्र कुमार वर्मा का चयन टेरिटोरियल आर्मी में हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हिरेंद्र कुमार वर्मा पिता जयलाल वर्मा एवं माता चित्रलेखा बाई के सुपुत्र हैं। वे वर्ष 2022 से लगातार देश सेवा का सपना लेकर कठिन मेहनत कर रहे थे। उनकी लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम आज सफलता के रूप में सामने आया है।
इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा शक्ति डिफेंस अकादमी के कोच बंटी भालेकर एवं के.सी. साहू सर को दिया है, जिनके मार्गदर्शन में वे लगातार तैयारी कर रहे थे।
अकादमी के प्रशिक्षकों ने बताया कि संस्था से अब तक 50 से अधिक युवाओं का विभिन्न सैन्य सेवाओं में चयन हो चुका है। अकादमी लगातार ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में जाने के लिए प्रशिक्षित कर रही है।
हिरेंद्र वर्मा की सफलता से ग्राम बघमरा सहित पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी है।


