मंगलसूत्र उतार विधायक ने किया नारीत्व का अपमान - गीताघासी साहू : महिला के लिए अमूल्य धरोहर है मंगलसूत्र - जिला पंचायत अध्यक्ष
•
Views • 333 / 318
राजनांदगांव ! DNnews - खुज्जी की कांग्रेस विधायक द्वारा आरटीओ कार्यालय में चालान की राशि के एवज में अपना मंगल सूत्र उतार दिया था। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजनांदगांव जिला पंचायत की अध्यक्ष गीताघासी साहू ने कहा कि मंगलसूत्र एक नारी के लिए अमूल्य धरोहर है। मंगलसूत्र एक महिला के लिए उनके सुहाग की निशानी है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि विधायक द्वारा कार्यालय में अपना मंगलसूत्र उतारकर रख देना बेहद ही अशोभनीय कृत्य है। विधायक द्वारा यह कृत्य कर हिन्दू धर्म की परंपरा का मजाक बनाया गया है। विधायक द्वारा चालान का जुर्माना भरने के किसी अन्य वस्तु का भी इस्तेमाल किया जा सकता था पर विधायक ने पवित्र मंगलसूत्र को उतारकर सम्पूर्ण नारी शक्ति को अपमानित करने का कार्य किया है।विधायक ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए लिए सामाजिक परंपरा का भी मजाक बना कर रख दी। गीताघासी साहू ने आगे कहा कि खुज्जी विधायक इस तरह के नौटंकी पूर्ण कृत्य के लिए पहले भी मशहूर रही है। क्षेत्र की जनता ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं के लिए विधायक बनाकर भेजा है पर विधायक को क्षेत्र की जनता से कोई सरोकार नहीं है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने व्यक्तव्य में कहा कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार किस कदर बढ़ गया है यह उसका सबूत है कि कांग्रेस विधायक को चालान की राशि के लिए अपना पवित्र मंगलसूत्र उतारना पड़ गया। इस सरकार में सत्ता पक्ष की विधायक का ऐसा हाल है तो प्रदेश की जनता का तो भगवान ही मालिक है।