खैरागढ़। छुईखदान नगर में संचालित एक निजी अस्पताल में गंडई देवपुरा निवासी गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में अब तक कोई जांच या कार्यवाही नहीं होने पर युवा कांग्रेस ने गंभीर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है। 4 और 5 अप्रैल को प्रकाशित अखबारी रिपोर्टों के अनुसार, अस्पताल में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं।
बताया गया कि अस्पताल का संचालन एक डॉक्टर कर रहे हैं जो राजधानी रायपुर के शासकीय अस्पताल में पदस्थ हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि कोई डॉक्टर एक ही समय में दो अलग-अलग जगहों पर इलाज कैसे कर सकता है? यह नर्सिंग होम एक्ट का सीधा उल्लंघन माना जा रहा है।


