खैरागढ़। त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनावों के नाम निर्देशन की आखिरी तारीख 3 फरवरी नजदीक आ चुकी है, लेकिन कांग्रेस ने खैरागढ़ जिले के जिला पंचायत सदस्यों की सूची अब तक जारी नहीं की गई है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने पहले ही तीन दिन पहले अपनी अधिकृत जिला पंचायत सदस्य सूची घोषित कर दी है। कांग्रेस पार्टी को लेकर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 उदयपुर अनारक्षित सीट और जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9 जालबांधा अनारक्षित महिला सीट में खासी उलझन नजर आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी को अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि इन दो महत्वपूर्ण सीटों पर कौन उम्मीदवार होगा। बाकी जिला पंचायत क्षेत्र के उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हो चुके हैं, लेकिन इन दोनों सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। खासकर, उदयपुर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के बीच तीव्र चर्चा चल रही है, जहां यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गुलशन तिवारी और पूर्व विधायक गिरवर जंघेल के भतीजे कामदेव जंघेल के बीच दावेदारी का मामला उलझा हुआ है। दोनों ही नेता चुनाव के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं और पांच साल से क्षेत्र में मेहनत कर रहे हैं। अब कांग्रेस को तय करना है कि आखिर किसे मैदान में उतारना है।


