खैरागढ़। केसीजी जिले के अंतिम छोर पर स्थित बाजार अतरिया के समीप ग्राम जोरातराई में एक अज्ञात युवक पिछले 24 घंटे से भटकता हुआ देखा जा रहा है। युवक की उम्र लगभग 18–19 वर्ष बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार वह शुक्रवार, 27 फरवरी से क्षेत्र में घूम रहा है और हाई स्कूल प्रांगण में एक ही स्थान पर बैठा दिखाई दे रहा है।
ग्रामीण पंकज वर्मा ने बताया कि युवक से नाम-पता पूछने का प्रयास किया गया, लेकिन वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है। उसकी स्थिति देखने पर मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। युवक के खान-पान की भी कोई व्यवस्था नहीं दिख रही, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि युवक को तत्काल रेस्क्यू कर उचित उपचार एवं पहचान की व्यवस्था की जाए, ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


