खैरागढ़। केसीजी जिले के ग्राम बेन्द्रीडीह में भूमि विवाद का मामला एक बार फिर चर्चा में है। ग्राम निवासी नीलम कुमार साहू ने प्रशासन को दिए गए कई आवेदनों में आरोप लगाया है कि खसरा नंबर 697 की आबादी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
नीलम कुमार साहू के अनुसार उक्त आबादी भूमि में उनका भी अधिकार दर्ज है और वर्षों से उनका कब्जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी दिलीप श्रीवास्तव द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक भूमि पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे उनकी भूमि प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि लगभग एक वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत में भी इस मामले की शिकायत की गई थी, जहां समझाइश देकर निर्माण रोकने का प्रयास किया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य पुनः शुरू कर दिया गया।
मामले को लेकर अतिरिक्त तहसीलदार खैरागढ़ द्वारा 21 मई 2026 को स्थगन आदेश जारी किया गया था। आदेश में स्पष्ट रूप से निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे तथा उल्लंघन की स्थिति में बेदखली और कब्जा हटाने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित पक्ष द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा गया।
नीलम कुमार साहू ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खैरागढ़ को भी आवेदन सौंपकर बताया है कि खसरा नंबर 697 की भूमि से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है, फिर भी निर्माण कार्य नहीं रोका जा रहा है। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बने इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रशासनिक आदेश और लगातार शिकायतों के बावजूद यदि निर्माण कार्य जारी है, तो अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। आवेदक नीलम कुमार साहू का कहना है कि प्रशासन को आवेदन देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना समझ से परे है और इससे पीड़ित पक्ष का भरोसा कमजोर पड़ रहा है।


