खैरागढ़ में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद संतोष पाण्डेय ने की, जिसमें केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजनाओं को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
सांसद ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के प्रचार-प्रसार और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मनरेगा में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में नेटवर्क की समस्या सामने आई। इस पर सांसद ने नेटवर्कविहीन क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति तथा टीबी, आयुष्मान भारत, सिकल सेल और एनीमिया जांच की प्रगति पर चर्चा हुई। बुंदेली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की अनियमितता पर नाराजगी भी जताई गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति और जर्जर भवनों का मुद्दा उठाया गया। वहीं कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और सॉइल हेल्थ कार्ड की जानकारी दी। फसल बीमा से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित एजेंसी की बैठक बुलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ग्राम सड़क योजना और जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया गया। अंत में जनप्रतिनिधियों ने समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने का भरोसा जताया।


