खैरागढ़। नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में मंडल भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व संसदीय सचिव एवं खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव प्रभारी लाभचंद बाफना विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लाभचंद बाफना ने कहा कि खैरागढ़ नगर पालिका का चुनाव हर हाल में जीतना है, क्योंकि इस चुनाव के परिणाम पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है।
बाफना ने बैठक के दौरान वार्डवार कार्यकर्ताओं से चर्चा की और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पार्टी द्वारा सौंपे गए कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही प्रत्येक वार्ड में 'एक दीया देश के नाम' कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जल्द ही वार्ड प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति किए जाने की जानकारी दी।
रणनीति और संगठन की ताकत से जीतेंगे चुनाव : ओमप्रकाश जोशी
बेमेतरा के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं चुनाव सह-प्रभारी ओमप्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि नगर पालिका चुनाव के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरना है।
उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत के लिए मजबूत संगठन और प्रभावी रणनीति जरूरी होती है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट जाए।
विकास कार्यों के दम पर जनता का विश्वास मिलेगा : विक्रांत सिंह
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ नगर में हुए विकास कार्य भाजपा सरकार की उपलब्धियों को दर्शाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का काम सरकार द्वारा लगातार किया जा रहा है।
विक्रांत सिंह ने कहा कि नगर पालिका चुनाव केवल सत्ता हासिल करने का चुनाव नहीं है, बल्कि यह भाजपा सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों पर जनता की मुहर लगाने का अवसर भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर के विकास के लिए जनता भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन देगी।
'सेवा संकल्प अभियान' से मिलेगी चुनावी तैयारी को गति
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. बिशेसर साहू ने कहा कि अब चुनाव की तैयारियों में तेजी लाने का समय है। कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर आम लोगों को सरकार की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी दें।
वहीं घम्मन साहू ने आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोजित बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाला 'सेवा संकल्प अभियान' भी चुनावी तैयारियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक का संचालन ऋषि सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कोमल जंघेल, शशांक ताम्रकार, जैनेन्द्र जंघेल, दिनेश वर्मा, गिरजा चन्द्राकर, नीलिमा गोस्वामी, उमा चौबे, आयश सिंह, अनिल अग्रवाल, विकेश गुप्ता, शैलेन्द्र त्रिपाठी, गोरेलाल वर्मा, रामाधार रजक, अयूब सोलंकी, विनय देवांगन, महेश गिरी, कमलेश कोठले, हर्षवर्धन वर्मा, कीर्ति वर्मा, अनीश सिंह, वंदना टांडेकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




