खैरागढ़। ग्राम खजरी में लड़ाई-झगड़ा कर ग्रामीणों को परेशान करने और शांति भंग करने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को थाना खैरागढ़ क्षेत्र के ग्राम खजरी में दो व्यक्तियों द्वारा लड़ाई-झगड़ा कर लोगों को परेशान करने और शांति भंग करने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खैरागढ़ पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों को पकड़कर थाने लाया गया।
पुलिस ने मामले में सिद्धू गेंडे (20 वर्ष), पिता ढेलूराम और नंदकुमार जोशी (38 वर्ष), पिता जुमेलाल, दोनों निवासी ग्राम खजरी, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 74/382/2026 के तहत धारा 170/126/135(3) बीएनएसएस में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



