खैरागढ़। प्रदेश सरकार की आबकारी वर्ष 2026–27 की नई नीति को लेकर सियासत गरमा गई है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता की सामाजिक चिंता छोड़ केवल राजस्व बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।
नई आबकारी नीति के तहत पूर्व में निर्धारित सात ड्राई डे में से तीन दिन—होली, मुहर्रम और 30 जनवरी (महात्मा गांधी निर्वाण दिवस)—को सूची से हटा दिया गया है। अब प्रदेश में केवल चार दिन ही ड्राई डे रहेंगे: 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) और 18 दिसंबर (गुरु घासीदास जयंती)। इन दिनों शराब दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी।
देवांगन ने कहा कि पहले सात दिन शराब दुकानें बंद रखने का प्रावधान था, जिसे घटाकर चार दिन करना चिंताजनक है। उन्होंने विशेष रूप से होली का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पर्व के दौरान अक्सर झगड़े और आपराधिक घटनाएं बढ़ती हैं। ऐसे समय में शराब बिक्री की अनुमति देना सामाजिक संवेदनशीलता के विपरीत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा शराबबंदी की मांग करती थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद शराब बिक्री को बढ़ावा दे रही है। देवांगन ने चेतावनी दी कि यदि नीति पर पुनर्विचार नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।


