खैरागढ़। केजऊ राम चौरे हाईस्कूल कुर्रूभाट में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला पंचायत के पूर्व सभापति विप्लव साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षिका समृद्धि तिवारी द्वारा प्रस्तुत मधुर मातृभूमि वंदना से हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
शिक्षा से ही समाज में आएगा सकारात्मक बदलाव : विप्लव साहू
मुख्य अतिथि विप्लव साहू ने अपने संबोधन में शिक्षा और सामाजिक सुधार के बीच गहरे संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा का दीप जलने से अज्ञानता और अपराध का अंधकार दूर होता है। विद्यालय केवल ईंट-पत्थरों से बना भवन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और आदर्श नागरिक तैयार करने की प्रयोगशाला है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण पर जोर देने से युवा पीढ़ी सही दिशा में आगे बढ़ती है और समाज में अपराध एवं वैमनस्य के लिए स्थान कम होता है। उन्होंने विद्यालय के डायरेक्टर सुरेश चौरे के नेतृत्व और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
नवोदय, प्रयास सहित कई संस्थानों में विद्यार्थियों का चयन
कार्यक्रम में शिक्षक छगन भगत ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान के विद्यार्थियों का चयन नवोदय, प्रयास, एकलव्य, जवाहर उत्कर्ष, कन्या परिसर, आरएमएस, श्रेष्ठा और सैनिक स्कूल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ है।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च को शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से 10 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है, जिन्हें पूर्णतः निशुल्क प्रवेश एवं सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी सत्र से विद्यार्थियों को NEET और IIT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. पप्पूसिंह राजपूत, डॉ. भोला साहू, चुरावन सिंह, तुलसी कंवर, प्रमोद धनकर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन तुलेंद्र केलकर ने किया।



