पत्थलगांव/जशपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच जशपुर जिले से एक दर्दनाक दुर्घटना की खबर सामने आई है। थाना तपकरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। इनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी के लिए चलने वाली अनमोल बस सुबह करीब 9 बजे सवारियों को लेकर रवाना हुई थी। करीब 10 बजे, कुनकुरी से लगभग 14 किलोमीटर दूर हल्दीमुंडा के पास गोडअंबा क्षेत्र में बस अचानक अनियंत्रित होकर एक निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई। हादसे के बाद बस के नीचे कई यात्री दब गए, जिससे मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। थोड़ी देर में 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को कुनकुरी अस्पताल व जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर रोहित ब्यास और एसएसपी लाल उम्मेद सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


