### 🔴 सिमगा में दुकान में चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
सिमगा।ग्राम तुलसी में दुकान से गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और नगदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रार्थी कलीराम निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 अप्रैल 2026 की रात 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर देखा कि कुंडी टूटी हुई थी और अंदर रखे 04 गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन एवं ₹7000 नगद अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए थे। रिपोर्ट पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 154/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में सिमगा पुलिस ने जांच करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक नाबालिग सहित कुल 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने रात के अंधेरे में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन एवं चोरी में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
आरोपी:
शादाब खान (29), अविनाश सोनकर (19), जीवन खर्सेन (22) एवं एक नाबालिग।


