पाटन। तेलीगुड़्डा क्षेत्र में तेज रफ्तार का खतरनाक असर देखने को मिला। कौही मेला से लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और कार पलटकर चारों पहियों के बल ऊपर जा गिरी।
घटना के समय कार में कई लोग सवार थे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की तत्परता और सहयोग से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


