अंबागढ़ चौकी। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोडेकुरसे थाना क्षेत्र की सीमा से लगे कोवाचीटोला गांव तथा मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के कलवर जंगल में नक्सलियों ने हथियार छिपा रखे हैं। सूचना के आधार पर जिला पुलिस, डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
करीब 4 से 5 घंटे की गहन तलाशी के बाद टेकरी क्षेत्र में एक नाले के पास कटे हुए पेड़ के नीचे संदिग्ध सामग्री मिली। जांच करने पर काले पॉलिथीन में लिपटा हथियारों का बंडल बरामद हुआ।
सुरक्षा बलों ने सावधानीपूर्वक जांच कर मौके से एक AK-47 और एक INSAS रायफल, दोनों की मैगजीन सहित कुल 46 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद सभी सामग्री को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां पिछले कई दशकों से सक्रिय रही हैं, लेकिन लगातार चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों के चलते उनकी पकड़ कमजोर हुई है। हाल के वर्षों में कई नक्सली मारे गए हैं और कई ने आत्मसमर्पण भी किया है।
सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई जिले को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।


