रायपुर। सुदूर वनांचल क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम उत्साह और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन दीदियों तथा समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रही महिलाओं का सम्मान करना और उनके सेवाभाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती ज्योति जंघेल, सभापति डोमार बेढिया, मंडल अध्यक्ष आनंद पटेल, मंडल उपाध्यक्ष ललिता मानिकपुरी तथा मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष बालकृष्ण जंघेल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर देवलाल साहू, संतन साहू, गोलू जंघेल, भुनेश्वर सेन, जॉनी वर्मा, मुखचंद, राम स्वरूप यादव, सरपंच नायक चंद्र कुमार, बिसरू यादव, कविता यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में कार्यकर्ता प्रभा नेताम, सोरी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और लाभार्थी भी मौजूद रहे।
सेवा कार्यों के लिए किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महिला कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवा में सक्रिय महिलाओं को श्रीफल, रोली-कुमकुम और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर महिलाओं में उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन बहनें गांव-गांव में जमीनी स्तर पर सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यों के साथ-साथ वे ग्रामीण परिवारों के बीच जागरूकता और सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हुई हैं।
ग्रामीणों की रही बड़ी सहभागिता
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और आत्मीयता का माहौल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा कार्यों में जुटी महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के साथ उनके कार्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया।


