खैरागढ़। ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केसीजी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहुचर्चित ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में फरार चल रहे 'शिवा बुक' ऑनलाइन गेमिंग एप्लिकेशन के मुख्य सरगना तरुण वर्मा को रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इसी मामले में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी तरुण वर्मा (36 वर्ष), पिता शिवकुमार वर्मा, निवासी सासाहोली वार्ड क्रमांक-21, थाना तिल्दा, जिला रायपुर ऑनलाइन सट्टा एप्लिकेशन 'शिवा बुक' का संचालन करता था और छत्तीसगढ़ में इसके पैनल उपलब्ध कराकर अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।
राहुल देवांगन से मिली अहम जानकारी
पुलिस जांच के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपी राहुल देवांगन से पूछताछ में महत्वपूर्ण खुलासा हुआ। उसने बताया कि वर्ष 2021 से वह मुंबई के पलावा सिटी स्थित फ्लैट से ऑनलाइन गैंबलिंग पैनल संचालित करता था। करीब छह माह पहले वह अपने गृह ग्राम कुंरा (धरसींवा) लौट आया और यहां से 'शिवा बुक' तथा 'जयराम बुक' नामक ऑनलाइन गैंबलिंग पैनलों का संचालन शुरू कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि राहुल देवांगन ने छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए तिल्दा निवासी तरुण वर्मा से 'शिवा बुक' का पैनल खरीदा था। इसके बदले तरुण वर्मा को पूरे कारोबार का 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे अब तक विभिन्न यूपीआई खातों के माध्यम से 8 से 10 लाख रुपये कमीशन प्राप्त हो चुके हैं।
लैपटॉप से मिले डिजिटल साक्ष्य
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने ऑनलाइन सट्टेबाजी में उपयोग किया गया मोबाइल फोन नष्ट कर दिया था। हालांकि पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक HP कंपनी का लैपटॉप, भारतीय स्टेट बैंक की पासबुक, एसबीआई का क्रेडिट कार्ड, एसबीआई और इंडसइंड बैंक के एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। लैपटॉप की जांच में ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता, धारा 66(D) आईटी एक्ट तथा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं 8 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
केसीजी पुलिस ने आम नागरिकों से ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


