राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिल, 2 फर्जी आरसी और 1 फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा राजनांदगांव के अलावा दुर्ग और बालोद जिले में भी मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
ऑडिटोरियम के बाहर से चोरी हुई थी बाइक
मामला थाना बसंतपुर क्षेत्र का है। शिकारीमहका निवासी जयकुमार सिन्हा ने 6 सितंबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल HF Deluxe क्रमांक CG 08 W 7699 को साइंस कॉलेज स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के गेट नंबर-2 के पास खड़ा किया था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर बसंतपुर थाना में अपराध क्रमांक 432/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल एवं थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने देवाशीष गजेन्द्र को 3 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने ऑडिटोरियम के पास से बाइक चोरी करने के साथ-साथ राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले में अन्य मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
निशानदेही पर 7 चोरी की बाइक बरामद
आरोपी की निशानदेही और उसके बताए अनुसार पुलिस ने कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें से 3 मोटरसाइकिलें आरोपी द्वारा शेख अमीन, निवासी तिफरा, बिलासपुर को बेचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने शेख अमीन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
वहीं देवाशीष गजेन्द्र के कब्जे से 4 मोटरसाइकिल, 2 फर्जी आरसी और 1 फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई।
इन स्थानों से चोरी की गई थीं मोटरसाइकिलें
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में—
HF Deluxe – CG 08 W 7699 — साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम क्षेत्र
Passion Pro – CG 07 BK 5873 — गौरव पथ, राजनांदगांव
HF Deluxe – CG 06 GD 5286 — नया बस स्टैंड क्षेत्र, राजनांदगांव
Passion Pro – CG 08 AA 6472 — कलेक्टोरेट परिसर, राजनांदगांव
SB Shine – CG 07 BS 3785 — थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद
Honda मोटरसाइकिल – CG 07 CP 6004 — सिविक सेंटर, भिलाई नगर, जिला दुर्ग
Honda Shine — OLX के माध्यम से खरीदी गई मोटरसाइकिल
दो आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने मामले में देवाशीष गजेन्द्र, पिता हेमंत कुमार गजेन्द्र, उम्र 30 वर्ष, निवासी परसतरई, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद तथा शेख अमीन, पिता गुलाम मोहम्मद, उम्र 33 वर्ष, निवासी तिफरा देवनगर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर को 4 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में विवेचना जारी है।
राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।



