खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel का आज खैरागढ़-छुईखदान जिले में आगमन हुआ, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महंगाई, खाद संकट, पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और व्यापारिक मंदी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा परेशानी आम जनता झेल रही है। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण कई पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं और किसानों को सोसायटियों में खाद तक नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में व्यापारी, किसान, मजदूर और महिलाएं संकट के दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस स्थिति को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। बघेल ने कहा कि सरकार ने किसी भी संभावित संकट से निपटने की कोई तैयारी नहीं की थी, जिसका खामियाजा अब पूरे देश को भुगतना पड़ रहा है।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार बाहरी दबाव में काम कर रही है और देशहित से ज्यादा दूसरे देशों की बातों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खैरागढ़ विधायक Yashoda Nilambar Verma, डोंगरगढ़ विधायक Harshita Swami Baghel, जिलाध्यक्ष Komal Das Sahu, कांग्रेस नेता Nawaz Khan सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


