खैरागढ़। बाजार अतरिया और आसपास के इलाके में लंबे समय से बेखौफ चल रहे झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लिनिक-पैथोलॉजी लैब्स पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा पहले जारी प्रेस विज्ञप्ति के बाद अब विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के आदेश पर नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट के नेतृत्व में गठित जांच दल ने विकासखंड खैरागढ़ अंतर्गत बाजार अतरिया क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच में संबंधित क्लिनिकों और पैथोलॉजी लैब्स के पास वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए।
### किन-किन पर हुई कार्रवाई?
जांच दल ने निम्नलिखित संचालकों को नोटिस जारी किया है:
- श्री जितेंद्र वर्मा – दिशा पैथोलॉजी
- श्री प्रेम प्रकाश साहू – रुद्राक्ष पैथोलॉजी
- श्री हिमलेश वर्मा – श्रेया क्लिनिक
इन सभी को तीन दिन के अंदर पूरे दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। अगर निर्धारित समय में वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए तो नर्सिंग होम एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
### क्यों जरूरी थी ये कार्रवाई?
बाजार अतरिया और आसपास के इलाके में लंबे समय से झोलाछाप डॉक्टर बिना किसी अनुमति के क्लिनिक चला रहे थे। विभागीय कार्रवाई न होने के कारण इनका हौसला बुलंद हो गया था। रोजाना भोले-भाले लोगों का इलाज करने के नाम पर मोटी कमाई की जा रही थी। DNnews इस पूरे माफिया को परत-दर-परत उजागर करेगा। बाजार अतरिया में किन-किन नामों से क्लिनिक चल रहे हैं, जल्द ही और खुलासे किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने साफ कहा है कि अवैध क्लिनिकों और पैथोलॉजी लैब्स के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अचानक निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



