राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने घुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रारंभिक मतदाता सूची जारी होने के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कई स्तरों पर अनियमितताएं सामने आई हैं।
रूपेश दुबे का आरोप है कि प्रशासन ने नगर पंचायत चुनाव के लिए न तो सही तरीके से परिसीमन किया और न ही मतदाता सूची को संतुलित एवं पारदर्शी बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि जारी सूची में घुमका को नगर पंचायत के बजाय नगर पालिका दर्शाया गया है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने दावा किया कि कुल मतदाताओं की संख्या के अनुसार सभी वार्डों में लगभग समान संख्या होनी चाहिए थी, लेकिन सूची में कई वार्डों में मतदाताओं की संख्या काफी कम और कुछ में अत्यधिक अधिक रखी गई है। इससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पूर्व में घुमका में शराब दुकान खोलने के मामले में जिस तेजी से काम किया, वैसी सक्रियता चुनाव संबंधी प्रक्रियाओं में नहीं दिखाई गई। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत बताते हुए कहा कि इससे नगर पंचायत क्षेत्र में चुनाव कराने को लेकर संदेह की स्थिति बन रही है।
रूपेश दुबे ने मांग की है कि मतदाता सूची और परिसीमन की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आवश्यक सुधार करते हुए पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराए जाएं।


