BJYM जिला महामंत्री को पश्चिम बंगाल में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दायित्व
छुईखदान। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री विक्रांत चंद्राकर को संगठन की ओर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले की तमलुक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक कार्यों के लिए नियुक्त किया गया है। प्रदेश युवा मोर्चा के निर्देशानुसार उन्हें वहां स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का दायित्व दिया गया है।
विक्रांत चंद्राकर लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। छात्र जीवन से ही वे राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं और विभिन्न सामाजिक व संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यशैली को देखते हुए संगठन ने उन पर यह जिम्मेदारी सौंपी है।
इसी क्रम में पश्चिम बंगाल के मोयना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन यात्रा में भी विक्रांत चंद्राकर ने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय सहभागिता की। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
विक्रांत चंद्राकर ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक अनुशासन के साथ कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।


