राजनांदगांव। अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी स्वयं को नगर निगम राजनांदगांव का कर्मचारी एवं बाबू बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे (40 वर्ष) निवासी ग्राम मोहतरा, थाना लोरमी, जिला मुंगेली तथा वर्तमान पता इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी, रायपुर के रूप में हुई है।
ऐसे करता था लोगों से ठगी
थाना बसंतपुर में प्रार्थी ईशनिवय सिंह परिहार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2024 में वह अपने मित्र प्रकाश कौशिक के साथ अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड योजना के तहत मकान संबंधी जानकारी लेने नगर निगम राजनांदगांव पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात योगेश्वर पाण्डे से हुई।
आरोपी ने खुद को नगर निगम का बाबू बताते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अच्छी पहचान होने का दावा किया। उसने प्रार्थी सहित अन्य लोगों को निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण कराया और योजना का लाभ दिलाने का भरोसा देकर उनसे रकम वसूल ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग लोगों से कुल 8 लाख 17 हजार रुपये लेकर धोखाधड़ी की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक गोवर्धन देशमुख, उप निरीक्षक जीवराज रावटे, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक कीर्तन अहीर, फागू साहू, चन्द्रशेखर श्रीवास एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
DNnews
खबर वही, जो लगे सही ✅



