### सतर्कता से टला अपहरण: राजनांदगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महिला सुरक्षित
राजनांदगांव, 05 मई 2026। शहर के गाठुला रोड क्षेत्र में मंगलवार को एक संभावित अपहरण की घटना को पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से विफल कर दिया गया। समय रहते हस्तक्षेप करते हुए पुलिस टीम ने एक महिला को सुरक्षित छुड़ाया और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, पद्मश्री फूलबसन बाई बाई यादव को परिचितों ने सेल्फी लेने के बहाने वाहन में बैठाया। इसके बाद उसे जबरन ले जाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने सीट बेल्ट नियम का उल्लंघन होने पर वाहन को रोका।
जांच के दौरान वाहन में बैठी महिला की स्थिति संदिग्ध लगी। पूछताछ में साथ मौजूद लोगों ने महिला को मिर्गी का दौरा पड़ने की बात बताकर मामला टालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को संदेह हुआ।
ट्रैफिक निरीक्षक नवरत्न कश्यप और उनकी टीम ने सतर्कता दिखाते हुए सभी को वाहन से उतरवाया और जांच की। इसी दौरान महिला की पहचान होने पर उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना में शामिल चारों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर नजदीकी थाने लाया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को त्वरित निर्णय क्षमता और सजगता का उदाहरण माना जा रहा है, जिससे एक गंभीर अपराध टल गया।


